बिहार को बदनाम कर रहे प्रधानमंत्री…’, तेजस्वी बोले- फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में नहीं चलेगा…

बिहार:बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्‍वी यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल के भाषण के बाद पलटवार किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे पर तेजस्‍वी यादव, लालू प्रसाद यादव और पूरे महागठबंधन पर हमलावर नजर आए थे. जिसका जवाब आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिया. उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के हर शब्द में नकारात्मकता थी. उन्होंने बिहार को बदनाम करने की कोशिश की और एक भी पॉजिटिव बात नहीं कही.

फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में!
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जी ने हमें दिया क्या? फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में! ये नहीं चलेगा. खेल-कूद और इन्वेस्टर मीट भी गुजरात में होती है. बिहार में सुई की फैक्‍ट्री भी नहीं लगी, अब बिहार की जनता उनसे हिसाब मांग रही है.”

पिछड़ों से नफरत करने लगी बीजेपी: तेजस्‍वी यादव
महागठबंधन का नेतृत्‍व कर रहे तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जातीय नफरत का आरोप लगाया. उन्‍होंने कहा “जब से हमने मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा की है, तब से बीजेपी के लोग हमें ट्रोल करने लगे हैं. अब उन्‍हें अतिपिछड़ों से नफरत होने लगी है.

बीजेपी की ये इच्‍छा भी हम पूरी करेंगे – तेजस्‍वी
तेजस्‍वी यादव ने बीजेपी के नेताओं की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जिनको बीजेपी के लोग कभी पाकिस्तान भेजने की बात करते थे, अब उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात करने लगे हैं. उनकी यह इच्छा भी हम लोग पूरा करेंगे. बता दें, कि चिराग पासवान जो एनडीए का हिस्‍सा हैं. उन्‍होंने सवाल उठाया कि 2 फीसद जनसंख्‍या वाले मुकेश सहनी को उपमुख्‍यमंत्री घोषित किया गया.

सांसद पप्पू यादव को मिला इनकम टैक्स का नोटिस, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुद बताई वजह…

 

बिहार: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को इनकम टैक्स का नोटिस मिला है. नोटिस में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पप्पू यादव पर बाढ़ पीड़ितों को पैसे बांटने को अपराध बताया. इससे पहले वैशाली जिले में भी पप्पू यादव पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था. दरअसल, इनकम टैक्स से नोटिस मिलने की जानकारी सांसद पप्पू यादव ने खुद ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दी.

पप्पू यादव ने बताई वजह
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मिले नोटिस की तस्वीर एक्स अकाउंट के जरिये शेयर किया. साथ ही लिखा, ‘मुझे इनकम टैक्स का नोटिस मिला है, बाढ़ पीड़ितों की मदद में रुपये बांटने को अपराध बताया है. यह अपराध है तो मैं हर वंचित पीड़ित की सहायता का अपराध सदैव करता रहूंगा.’

निर्दलीय सांसद ने इशारे-इशारे में कसा तंज
आगे पप्पू यादव ने यह भी लिखा, ‘वैशाली जिले के नया गांव पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों जिनका घर-द्वार सब गंगाजी में विलीन हो गया, उनका मदद न करता तो क्या गृह राज्य मंत्री, स्थानीय MP जैसे स्वघोषित CM उम्मीदवारों की तरह मूकदर्शक बना रहता?’ इस तरह से पप्पू यादव ने इशारे-इशारे में तंज भी सरकार पर कसा.

वैशाली जिले में सांसद ने बाढ़ पीड़ितों को बांटे रुपये
मालूम हो, लगभग 2 हफ्ते पहले सांसद पप्पू यादव वैशाली जिले में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग बाढ़ प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया था. इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों को मदद के रूप में कुछ रुपये भी बांटे थे. इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. जिसके बाद इस मामले में सहदेई थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. साथ ही पप्पू यादव पर बिहार चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप भी लगा था. ऐसे में अब सांसद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से नोटिस भी जारी कर दिया है.

बीसीसीएल में 11 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला, तत्काल प्रभाव से नए पदभार ग्रहण करने का निर्देश

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में माइनिंग संभाग से जुड़े 11 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए स्थान पर पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

आदेश के अनुसार, इसमें 10 अधिकारी जनरल मैनेजर (जीएम) स्तर के हैं, जबकि एक अधिकारी चीफ मैनेजर (माइनिंग) पद पर कार्यरत हैं। अधिसूचना में यह भी बताया गया कि बरोरा एरिया के जीएम पुष्कर किशोर को गोविंदपुर एरिया स्थानांतरित किया गया है, जबकि गोविंदपुर एरिया के जीएम किशोर कुमार सिंह को बरोरा एरिया की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह, लोदना एरिया के जीएम निखिल बी त्रिवेदी को कुसुंडा एरिया का जीएम बनाया गया, जबकि कुसुंडा एरिया के जीएम प्रणब दास को बस्ताकोला एरिया का प्रभार सौंपा गया है।

लोकआस्था का महापर्व छठ की शुरुआत , नहाय-खाय के साथ कोयलांचल में गुंजा श्रद्धा का स्वर…

 

धनबाद:अनुशासन, आस्था और प्रकृति से गहरे जुड़ाव का प्रतीक चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शनिवार, 25 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ कोयलांचल धनबाद क्षेत्र में पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शुरू हो गया है. धनबाद, झरिया, सिंदरी, गोविंदपुर, बलियापुर, निरसा और आसपास के इलाकों में सुबह से ही व्रतियों ने नदी, तालाबों और जलाशयों में स्नान कर सूर्य देव की आराधना करते हुए इस पवित्र और अनुशासित व्रत की शुरुआत की.छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय शरीर और मन की शुद्धि का प्रतीक है .व्रती इस दिन स्नान कर शरीर को पवित्र करते हैं और केवल कद्दू-भात तथा चना दाल का सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं. यह चरण व्रती को सांसारिक मोह से हटकर पूरी तरह ईश्वर भक्ति और आत्मसंयम के मार्ग पर अग्रसर करता है.यह महापर्व अत्यंत सादगी और शुद्धता के साथ चार दिनों तक मनाया जाता है शनिवार 25 अक्टूबर नहाय-खाय के साथ सात्विक भोजन ,रविवार, 26 अक्टूबर को खरना दिनभर निर्जला उपवास और शाम को गुड़-चावल की खीर, रोटी व केले का प्रसाद ग्रहण करना,सोमवार 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य ) देकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है और मंगलवार 28 अक्टूबर को उदयमान सूर्य को अर्घ्य ( उगते सूर्य को अर्घ्य )देकर व्रत का समापन.छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जल, अन्न और सूर्य जैसे जीवन के आधार तत्वों की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रकट करने का पर्व है .नहाय-खाय के दिन का सादा भोजन हमें सादगी और आत्मसंयम का महत्वपूर्ण संदेश देता है.

वहीं पर्व को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ,नगर निगम और सामाजिक संस्थाएं छठ घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए तेजी से काम कर रही हैं. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर गोताखोर, एंबुलेंस और पुलिस बल की तैनाती की है.