ईस्ट बस्ताकोला में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, इलाके में सनसनी

Spread the love

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के ईस्ट बस्ताकोला चार नंबर सरकारी कुआं के पास शुक्रवार को एक 16 वर्षीय किशोर नीतीश कुमार की लहूलुहान बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नीतीश ईस्ट बस्टाकोला चांदमारी का रहने वाला था और बारात में लाइट उठाने का काम करता था।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे अनिल नामक व्यक्ति नीतीश को लोहा काटने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह जब पिता पानी भरने कुएं की ओर गए तो वहां एक शव पड़ा मिला, जिसे कपड़ों से पहचान की गई। परिवार का आरोप है कि नीतीश के सिर, आंख, पेट और पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं और प्रतीत होता है कि पत्थर से मारकर हत्या की गई है।

मृतक के नाना गोपाल साहू और भाई विजय कुमार ने बताया कि अनिल पहले भी धमकी दे चुका था। उनका आरोप है कि अनिल लोहे की चोरी करवाता है और उसी ने नीतीश को बुलाकर जान से मार दिया। घटना की सूचना पर धनसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि 16 वर्षीय किशोर की हत्या की सूचना पर पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू कर दी है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *