चाईबासा में पुलिस-ग्रामीणों में हिंसक भिड़ंत पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस छोड़े…

झारखंड
चाईबासा: चाईबासा में सोमवार देर रात नो-एंट्री के लिए चल रहा आंदोलन हिंसक हो गया। तांबो चौक पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच जबरदस्त झड़प हुई। प्रदर्शनकारी ग्रामीण लंबे समय से एनएच-220 और चाईबासा बाईपास पर दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है।

सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें तांबो चौक पर ही रोक दिया। इसके बाद भीड़ ने वहीं धरना शुरू कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी करने लगी।

शाम तक चला धरना, रात में भड़की हिंसा

ग्रामीणों ने तांबो चौक पर ही शाम तक धरना जारी रखा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वहीं खाना बनाया, नृत्य-गान किया और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। जैसे-जैसे रात बढ़ती गई, भीड़ का जोश और बढ़ता गया। देर रात पुलिस ने जब आंदोलनकारियों को हटाने की कोशिश की, तो स्थिति अचानक बिगड़ गई।

नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस बीच सदर एसडीपीओ की स्कॉर्पियो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई लोगों को हल्की चोटें आईं।

स्थिति नियंत्रण में आया पर तनाव बरकरार

झड़प के कारण कुछ घंटों तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। देर रात पुलिस ने हालात पर काबू पाया और सड़क खाली कराई। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक दिन के समय भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सड़क सुरक्षा और आम लोगों की जान बचाने के लिए है।

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे ‘मोंथा’ चक्रवात को लेकर सतर्कता को लेकर दिशा निर्देश जारी…

धनबाद :बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा ‘मोंथा’ चक्रवात एक ट्रॉपिकल तूफान के रूप में तेजी से सक्रिय हो रहा है और मौसम विभाग द्वारा यह अनुमान व्यक्त किया गया है कि आने वाले दिनों में यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में तेज हवाएँ, भारी वर्षा तथा वज्रपात की संभावना जताई गई है।

इस परिप्रेक्ष्य में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने तत्काल निम्नलिखित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए:

आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीमों को संभावित प्रभावित क्षेत्रों में तैयार स्थिति में रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निचले व जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहाँ के लोगों को सुरक्षित स्थलों पर स्थानांतरित करने की योजना बनाने हेतु नगर आयुक्त, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी तथा चिरकुंडा नगर परिषद को निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिला के सभी विभागों को किसी भी आपातकाल परिस्थिति से निपटने के लिए समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक आकस्मिक सेवाओं हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
संचार व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त एवं सक्रिय रखने हेतु संबंधित विभागों के पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सभी बीडीओ, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को चौबीसों घंटे निगरानी और रेस्पॉन्स के लिए निर्देशित किए गए।
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देशित किया की जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क करें कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

*चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के बगल में आज एक 14 वर्षीय लड़की का शव कुएं में मिला हत्या कि आशंका

बोकारो

 

क्लास सिक्स की पढ़ने वाली लड़की रागिनी कुमारी जो चंद्रपुरा रेलवे कॉलोनी की रहने वाली थी आज सुबह 6:00 बजे चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के बगल में कुएं में मिली उसकी लाश छठ के खड़ना के दिन से लापता थी आज उसकी सुबह 6:00 बजे लाश मिला मौके पर चंद्रपुरा थाना पहुंचकर 100 को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया रागिनी बीरसा स्कूल चंद्रपुरा में पसिक्स क्लास में पढ़ाई करती थी धनबाद जिला के सुदामडीह के रहने वाले एक युवक और उसके दोस्तों द्वारा इस कांड को अंजाम दिया गया है ऐसा परिजनों ने शक किया है पुलिस को भी लिख कर दिया है मामले की छानबीन पुलिस कर रही है

उड़ती फ्लाइट में मची-अफरातफरी, 170 लोग थे सवार…

 

नागपुर से दिल्ली की उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब पायलट ने विमान में पक्षी टकराने का खतरा महसूस किया। विमान में सवार 170 यात्री डर और चिंता के बीच सुरक्षित लैंडिंग का इंतेजार करते रहे। एयरलाइन के अनुसार, विमान को सुरक्षित रूप से नागपुर एयरपोर्ट पर उतार दिया गया और तकनीकी जांच के लिए भेजा गया। यात्रियों को भोजन और टिकट राशि लौटाई गई। किसी भी तरह की चोट की खबर नहीं है।हवाईअड्डा प्राधिकरण ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए रनवे क्षेत्र का निरीक्षण और सुरक्षा बढ़ाई जायेगी। गौरतलब है कि इसी सप्ताह मुंबई और कोलकाता से उड़ रही अन्य उड़ानों को भी तकनीकी कारणों या ईंधन रिसाव के चलते एहतियातन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यात्रियों के लिए यह अनुभव भयावह जरूर था, लेकिन विमान और क्रू की त्वरित कार्रवाई ने बड़ी दुर्घटना टाल दी।

खरखरी ओपी और बाघमारा थाना सीमा में दिन में कोयला चोरी रात में जंग,कुटकुटिया जंगल बना रणभूमि

धनबाद : खरखरी ओपी और बाघमारा थाना सीमा के बीच स्थित मधुबन के कुटकुटिया पट्टी जंगल में अवैध कोयला खनन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई।बताया जाता है कि खनन स्थल और कोयला डिपो पर कब्जे को लेकर दोनों गुटों में पहले कहासुनी हुई,जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से तीन पोकलेन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला उत्खनन जारी है। धंधेबाज रात ही नहीं, दिन में भी खुलेआम कोयला निकालकर तस्करी कर रहे हैं। खनन कार्य बाहरी लोगों के इशारे पर स्थानीय युवकों द्वारा संचालित किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र दो थानों की सीमा पर आता है।नतीजतन खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाए।

बिहार को बदनाम कर रहे प्रधानमंत्री…’, तेजस्वी बोले- फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में नहीं चलेगा…

बिहार:बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्‍वी यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल के भाषण के बाद पलटवार किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे पर तेजस्‍वी यादव, लालू प्रसाद यादव और पूरे महागठबंधन पर हमलावर नजर आए थे. जिसका जवाब आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिया. उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के हर शब्द में नकारात्मकता थी. उन्होंने बिहार को बदनाम करने की कोशिश की और एक भी पॉजिटिव बात नहीं कही.

फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में!
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जी ने हमें दिया क्या? फैक्ट्री गुजरात में और विक्ट्री बिहार में! ये नहीं चलेगा. खेल-कूद और इन्वेस्टर मीट भी गुजरात में होती है. बिहार में सुई की फैक्‍ट्री भी नहीं लगी, अब बिहार की जनता उनसे हिसाब मांग रही है.”

पिछड़ों से नफरत करने लगी बीजेपी: तेजस्‍वी यादव
महागठबंधन का नेतृत्‍व कर रहे तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जातीय नफरत का आरोप लगाया. उन्‍होंने कहा “जब से हमने मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा की है, तब से बीजेपी के लोग हमें ट्रोल करने लगे हैं. अब उन्‍हें अतिपिछड़ों से नफरत होने लगी है.

बीजेपी की ये इच्‍छा भी हम पूरी करेंगे – तेजस्‍वी
तेजस्‍वी यादव ने बीजेपी के नेताओं की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जिनको बीजेपी के लोग कभी पाकिस्तान भेजने की बात करते थे, अब उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात करने लगे हैं. उनकी यह इच्छा भी हम लोग पूरा करेंगे. बता दें, कि चिराग पासवान जो एनडीए का हिस्‍सा हैं. उन्‍होंने सवाल उठाया कि 2 फीसद जनसंख्‍या वाले मुकेश सहनी को उपमुख्‍यमंत्री घोषित किया गया.

सांसद पप्पू यादव को मिला इनकम टैक्स का नोटिस, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुद बताई वजह…

 

बिहार: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को इनकम टैक्स का नोटिस मिला है. नोटिस में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पप्पू यादव पर बाढ़ पीड़ितों को पैसे बांटने को अपराध बताया. इससे पहले वैशाली जिले में भी पप्पू यादव पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था. दरअसल, इनकम टैक्स से नोटिस मिलने की जानकारी सांसद पप्पू यादव ने खुद ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दी.

पप्पू यादव ने बताई वजह
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मिले नोटिस की तस्वीर एक्स अकाउंट के जरिये शेयर किया. साथ ही लिखा, ‘मुझे इनकम टैक्स का नोटिस मिला है, बाढ़ पीड़ितों की मदद में रुपये बांटने को अपराध बताया है. यह अपराध है तो मैं हर वंचित पीड़ित की सहायता का अपराध सदैव करता रहूंगा.’

निर्दलीय सांसद ने इशारे-इशारे में कसा तंज
आगे पप्पू यादव ने यह भी लिखा, ‘वैशाली जिले के नया गांव पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों जिनका घर-द्वार सब गंगाजी में विलीन हो गया, उनका मदद न करता तो क्या गृह राज्य मंत्री, स्थानीय MP जैसे स्वघोषित CM उम्मीदवारों की तरह मूकदर्शक बना रहता?’ इस तरह से पप्पू यादव ने इशारे-इशारे में तंज भी सरकार पर कसा.

वैशाली जिले में सांसद ने बाढ़ पीड़ितों को बांटे रुपये
मालूम हो, लगभग 2 हफ्ते पहले सांसद पप्पू यादव वैशाली जिले में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग बाढ़ प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया था. इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों को मदद के रूप में कुछ रुपये भी बांटे थे. इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. जिसके बाद इस मामले में सहदेई थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. साथ ही पप्पू यादव पर बिहार चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप भी लगा था. ऐसे में अब सांसद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से नोटिस भी जारी कर दिया है.

बीसीसीएल में 11 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला, तत्काल प्रभाव से नए पदभार ग्रहण करने का निर्देश

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में माइनिंग संभाग से जुड़े 11 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए स्थान पर पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

आदेश के अनुसार, इसमें 10 अधिकारी जनरल मैनेजर (जीएम) स्तर के हैं, जबकि एक अधिकारी चीफ मैनेजर (माइनिंग) पद पर कार्यरत हैं। अधिसूचना में यह भी बताया गया कि बरोरा एरिया के जीएम पुष्कर किशोर को गोविंदपुर एरिया स्थानांतरित किया गया है, जबकि गोविंदपुर एरिया के जीएम किशोर कुमार सिंह को बरोरा एरिया की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह, लोदना एरिया के जीएम निखिल बी त्रिवेदी को कुसुंडा एरिया का जीएम बनाया गया, जबकि कुसुंडा एरिया के जीएम प्रणब दास को बस्ताकोला एरिया का प्रभार सौंपा गया है।

लोकआस्था का महापर्व छठ की शुरुआत , नहाय-खाय के साथ कोयलांचल में गुंजा श्रद्धा का स्वर…

 

धनबाद:अनुशासन, आस्था और प्रकृति से गहरे जुड़ाव का प्रतीक चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शनिवार, 25 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ कोयलांचल धनबाद क्षेत्र में पूरे उत्साह और भक्ति भाव से शुरू हो गया है. धनबाद, झरिया, सिंदरी, गोविंदपुर, बलियापुर, निरसा और आसपास के इलाकों में सुबह से ही व्रतियों ने नदी, तालाबों और जलाशयों में स्नान कर सूर्य देव की आराधना करते हुए इस पवित्र और अनुशासित व्रत की शुरुआत की.छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय शरीर और मन की शुद्धि का प्रतीक है .व्रती इस दिन स्नान कर शरीर को पवित्र करते हैं और केवल कद्दू-भात तथा चना दाल का सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं. यह चरण व्रती को सांसारिक मोह से हटकर पूरी तरह ईश्वर भक्ति और आत्मसंयम के मार्ग पर अग्रसर करता है.यह महापर्व अत्यंत सादगी और शुद्धता के साथ चार दिनों तक मनाया जाता है शनिवार 25 अक्टूबर नहाय-खाय के साथ सात्विक भोजन ,रविवार, 26 अक्टूबर को खरना दिनभर निर्जला उपवास और शाम को गुड़-चावल की खीर, रोटी व केले का प्रसाद ग्रहण करना,सोमवार 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य ) देकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है और मंगलवार 28 अक्टूबर को उदयमान सूर्य को अर्घ्य ( उगते सूर्य को अर्घ्य )देकर व्रत का समापन.छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जल, अन्न और सूर्य जैसे जीवन के आधार तत्वों की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रकट करने का पर्व है .नहाय-खाय के दिन का सादा भोजन हमें सादगी और आत्मसंयम का महत्वपूर्ण संदेश देता है.

वहीं पर्व को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ,नगर निगम और सामाजिक संस्थाएं छठ घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए तेजी से काम कर रही हैं. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर गोताखोर, एंबुलेंस और पुलिस बल की तैनाती की है.